बरेली: भाजपा में शामिल हुए सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष जफर बेग

+858461

सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष जफर बेग भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। बुधवार को उन्होंने लखनऊ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। बरेली में मुस्लिमों में ठीकठाक पकड़ रखने वाले जफर के सपा छोड़ने के बाद पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर कई सपा नेताओं ने फोन पर उनके इस कदम का समर्थन किया है।

जफर बेग समाजवादी पार्टी में 2007 में शामिल हुए थे। उनकी कार्यकुशलता देखकर 2010 में महानगर अध्यक्ष बनाया गया। 2012 में प्रदेश में सपा सरकार बनी तब पूरे कार्यकाल जफर महानगर अध्यक्ष रहे। 2017 में अखिलेश को पार्टी से निकाला गया तो जफर ने उनके समर्थन में पद से इस्तीफा दे दिया था। तभी से वह पदविहीन थे। 2016 में शहर विधानसभा सीट से उनका नाम घोषित हुआ लेकिन बाद में टिकट बदल दिया। 2017 में कैंट सीट से प्रत्याशी घोषित करने के बाद फिर टिकट बदला गया। लगातार उपेक्षा के बावजूद पार्टी नहीं छोड़ी। मेयर और विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार करते रहे।