बरेली: पूर्व विधायक की बेटी साक्षी ने की दहेज उत्पीड़न की शिकायत; साढ़े चार पहले किया था प्रेम विवाह!

shaksi

लव मैरिज कर सुर्खियों में आई पूर्व विधायक राजेश मिश्रा पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी फिर चर्चा में आ गई है। साक्षी ने अपने ही ससुराल वालों पर पिता से 10 लाख रुपए मांगने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उसने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

साक्षी बुधवार को अपने पति अजितेश के साथ शिकायत करने एसएसपी दफ्तर पहुंचीं। उन्होंने शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं।

साक्षी ने बताया कि उसके ससुर, सौतेली सास, ननद, जेठानी, दादी सास दहेज में कार और 10 लाख रुपये की मांग करते हैं। ससुराल वाले कहते हैं कि हमने सोचा था कि विधायक की बेटी है तो आगे चलकर मोटा दहेज मिलेगा। जब दहेज नहीं मिला तो ससुराल वाले उसे घर से निकालने की कोशिश करने लगे। जेठ भी अभद्रता करता है।

साक्षी ने कहा कि कुछ दिन पहले जब उनके सुरक्षाकर्मी खाना खाने गए थे तो ससुरालवालों ने कमरे में घुसकर उन्हें धमकी दी और शोर मचाने पर फरार हो गए। एसएसपी ने इज्जतनगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साक्षी के संग उनके पति अजितेश भी शिकायत करने पहुंचे थे। दोनों ही ब्लॉग चला रहे हैं और यूट्यूब पर उनका अपना चैनल भी है।

बता दें 2019 में तत्कालीन भाजपा विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी कार चालक अजितेश कुमार से प्रेम विवाह किया था। इससे नाराज होकर पप्पू भरतौल और उनके परिवार ने बेटी साक्षी से रिश्ता तोड़ लिया था। साक्षी पति अजितेश के साथ दिल्ली जाकर रहने लगी थी। पिता से ही जान का खतरा बताते हुए वीडियो वायरल किया तो वह चर्चा में आ गई थी। सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनलों पर उसका वीडियो छा गया था। तभी से साक्षी और उसके पति को पुलिस की सुरक्षा भी मिली हुई है।